बर्न (स्विट्जरलैंड): भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योगमंत्री पीयूष गोयल ने अपनी दो दिवसीय स्विट्जरलैंड यात्रा का सफल अंत किया। इस दौरे का उद्देश्य भारत के 11 वर्षों के विकास की कहानी को स्विस उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं के सामने प्रस्तुत करना और भविष्य के लिए निवेश के अवसर तलाशना था। अपने सोशल मीडिया पोस्ट (एक्स) पर गोयल ने लिखा, “भारत की विकास यात्रा में स्विस उद्योग जगत के नेताओं का जिज्ञासा, रुचि और भरोसा देखकर मैं बेहद उत्साहित हूं। आने वाले समय में दोनों देशों के बीच रोमांचक अवसर देखने को मिलेंगे।”
गौरतलब है कि इस यात्रा के दौरान गोयल ने स्विट्जरलैंड के विभिन्न उद्योगों से जुड़े 1,000 से अधिक स्विस उद्यमियों के सम्मेलन को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में स्विस फेडरल काउंसलर पर्मेलिन जी भी शामिल हुईं। गोयल ने भारत में तकनीकी, नवाचार और व्यापार के क्षेत्र में देश में आए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत अब उद्योग, विज्ञान और सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उन्नति कर रहा है और स्विस उद्योग जगत के लिए यहां निवेश के कई आकर्षक अवसर मौजूद हैं।
उन्होंने स्विस उद्योग जगत को भारत में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। खासतौर पर भारत के कुशल और प्रतिभाशाली कार्यबल, बेहतर व्यापार माहौल और मजबूत बुनियादी ढांचे का जिक्र किया। भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों का नया अध्याय शुरू होने की बात करते हुए, गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय आ गया है।
इस यात्रा के दौरान, गोयल की मुलाकात विश्व की सबसे बड़ी कंटेनर शिपिंग कंपनी, मेडिटेरेनियन शिपिंग कंपनी के सीईओ सोरेन टॉफ्ट से भी हुई। इस चर्चा में भारत के तेजी से विकसित हो रहे शिपिंग, लॉजिस्टिक्स और बंदरगाह बुनियादी ढांचे में निवेश की संभावना पर बात हुई। दोनों पक्षों ने निकट भविष्य में महत्वपूर्ण साझेदारी की उम्मीद जताई है।
इसके अलावा, टिकाऊ पैकेजिंग समाधानों में अग्रणी कंपनी एसआईजी ग्रुप के सीईओ सैमुअल सिग्रिस्ट के साथ भी बातचीत हुई। इस चर्चा का मुख्य फोकस भारत में स्थायी और पर्यावरण मित्र उत्पादों की मांग और इन क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर था।
वहीं, फार्मास्यूटिकल्स और लाइफ साइंसेज सेक्टर में भी भारत की मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में चर्चा हुई। नोवार्टिस जैसी विश्व की प्रमुख फार्मा कंपनी के प्रतिनिधियों ने भारत में अपनी अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवा में नवाचार को लेकर अपनी दिलचस्पी व्यक्त की। इस दौरान, द स्वैच ग्रुप के सीएफओ थिएरी केनेल से भी मुलाकात हुई, जिसमें भारत में स्विस घड़ी और आभूषण उद्योग के विस्तार पर चर्चा हुई।
गोयल ने कहा कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है। उन्होंने नौ जून को स्विट्जरलैंड से स्वीडन की यात्रा शुरू की है। दोनों देशों के बीच व्यापार, इनोवेशन और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भारत की इन दोनों यूरोपीय देशों के साथ गहरी साझेदारी के संकेत मिल रहे हैं, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
यह यात्रा न केवल भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश है, बल्कि भारत के वैश्विक निवेश और तकनीकी नेतृत्व को भी मजबूत करने का प्रयास है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक, तकनीकी और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह यात्रा अहम मानी जा रही है।
