पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना में तिब्बी (यूनानी) मेडिकल कॉलेज के भवन का शिलान्यास किया। नया कॉलेज नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के परिसर में करीबी 10 एकड़ जमीन पर बनेगा। इसकी लागत 264 करोड़ रुपए है। योजना से आधुनिक सुविधाओं के साथ यूनानी चिकित्सा को मजबूती मिलेगी। तिब्बी मेडिकल कॉलेज को पूरी तरह से मॉडर्न बनेगा। इसमें शैक्षणिक से लेकर चिकित्सीय और हॉस्टल सुविधाओं को देखते हुए बिल्डिंग बनाई जा रही है। पांच मंजिला भवन होगा जो पूरी तरह से मॉडर्न तकनीक से लैस होगा। इसमें 200 बिस्तरों वाला यूनानी अस्पताल शामिल होगा, जो इलाज और प्रशिक्षण दोनों के लिए उपयोगी होगा।
कॉलेज में एक 500 सीटों वाला वातानुकूलित सभागार बनेगा। 150 छात्रों के लिए पढ़ाई की सुविधा और उच्चस्तरीय प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएगी। शिक्षकों, चिकित्सकों और छात्रों के लिए आवासीय भवन और छात्रावास भी निर्माण का हिस्सा।
अब तक यह यूनानी कॉलेज पटना के कदमकुआं क्षेत्र में चल हो रहा था। लेकिन नए भवन के बनने के बाद इसका स्थान एनएमसीएच परिसर में शिफ्ट हो जाएगा। इसके बाद तिब्बी कॉलेज का पता बदल जाएगा। इसका संचालन एक मॉडर्न कैम्पस से किया जाएगा।
इस शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी मौजूद रहे। मंत्री पांडेय ने कहा कि तिब्बी चिकित्सा बिहार की परंपरा का हिस्सा है। इस कॉलेज के निर्माण से न सिर्फ इलाज के विकल्प बढ़ने वाले हैं, बल्कि यह देशभर के छात्रों के लिए यूनानी चिकित्सा की पढ़ाई का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
इस कॉलेज का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण की ज़िम्मेदारी भवन निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विभाग ने कार्य योजना और नक्शा तैयार कर लिया है। जल्द ही निर्माण कार्य ज़मीन पर शुरू कर दिया जाएगा।
