रांची। ED ने गुरुवार को जीएसटी घोटाले से जुड़े एक बड़े मामले में झारखंड और कोलकाता के कुल नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी सूत्रों के मुताबिक रांची में तीन, जमशेदपुर में एक और कोलकाता में पांच स्थानों पर यह दबिश दी गई।
यह छापेमारी जीएसटी के नाम पर किए गए करीब 800 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर की गई है। जांच एजेंसी ने इस कार्रवाई में शिवकुमार देवरा, सुमित गुप्ता और अमित गुप्ता नामक तीन व्यापारियों को जांच के घेरे में लिया है।
बताया जा रहा है कि इन व्यापारियों ने 14,325 करोड़ रुपये के फर्जी बिल तैयार किए थे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कई व्यापारिक प्रतिष्ठान खड़े किए। इन प्रतिष्ठानों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ उठाया गया और बाद में इन संस्थानों को बंद कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले का मास्टरमाइंड झारखंड और पश्चिम बंगाल से जुड़ा हुआ है। यह पहला मौका है जब झारखंड में ED ने किसी जीएसटी घोटाले को पीएमएलए के तहत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है।
