नोएडा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हर किसी के जहन में एक ही सवाल है, क्या केंद्र के आदेश के बाद सीमा भी वापस जाएगी। सोशल मीडिया पर भी कई लोग सीमा को वापस पाकिस्तान भेजने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में एक समय पर उनके वकील रहे हेमंत परासर भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने भी सीमा पाकिस्तान भेजने की मांग कर दी है।
वकील पारासर ने कहा कि पाकिस्तान हमारा दुश्मन देश है और सीमा हैदर भी उसी दुश्मन देश की नागरिक है। वह अवैध तरीके से भारत में रह रही है। इसलिए सीमा को तुरंत यहां से डिपोर्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, अगर सीमा हैदर मां भी बन गई है, तब भी डिपोर्ट करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने कहा, पहले कोई महिला पाकिस्तान से आकर भारत में मां बन जाती थी, तब उस महिला को नागरिकता मिल जाती थी लेकिन अब वह कानून खत्म हो चुका है इसलिए सीमा हैदर को भारत की नागरिकता कतई नहीं मिलेगी। वहीं सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने कहा कि उनके डॉक्यूमेंट गृह मंत्रालय और एटीएस के पास है, पारासर ने पूछा कि कौन से डॉक्यूमेंट हैं? उन डॉक्यूमेंट्स को सार्वजनिक कीजिए। उसके कोई डॉक्यूमेंट्स जमा नहीं है और ना ही सीमा हैदर को नागरिकता मिलेगी।
बता दें, एक ओर जहां सीमा को वापस पाकिस्तान भेजने की मांग की जा रही है। वहीं सीमा खुद पिछले कुछ दिनों से मामले में बिल्कुल चुप हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पिछले 10-11 दिनों से एक भी वीडियो नहीं आया। हालांकि उनके वकील और खुद को सीमा हैदर का भाई कहने वाले एपी सिंह लगातार सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान ना भेजने की मांग कर रहे हैं।
