पलामू।पूर्व आईपीएस अधिकारी गंगेश्वर सिंह के पलामू पहुंचने पर मेदिनी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा डालटेनगंज रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष राधिका सिंह और निर्णायक मंडल के सदस्य शिवनारायण सिंह ने उनका शाल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सोसाइटी के सदस्यों ने गंगेश्वर सिंह के साथ संगठन के भविष्य, सामाजिक उत्थान और जनजातीय बच्चों की शिक्षा पर विस्तृत चर्चा की। विशेष रूप से चेरो जनजाति सहित अन्य वंचित वर्गों के बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया।
गंगेश्वर सिंह ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण, शैक्षणिक विकास, दहेज प्रथा की समाप्ति, आर्थिक सशक्तिकरण और राजनीतिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संगठनों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्होंने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस मुलाकात में समाज के प्रति जागरूकता, युवाओं को सही दिशा देने और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। गंगेश्वर सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण और अवसरों की व्यवस्था पर भी जोर दिया।
मौके पर मेदिनी वेलफेयर सोसाइटी के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। यह स्वागत समारोह न केवल सम्मान का प्रतीक था, बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सकारात्मक पहल भी साबित हुआ।
