मॉस्को: रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने पर रूसी सैनिकों को भारी नकद इनाम दिया गया है। ये इनाम रूस के येकातेरिनबर्ग स्थित तेल और गैस उपकरण बनाने वाली कंपनी फोरेस द्वारा दिया गया, जिसने 12 रूसी सैनिकों को कुल 1.62 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।
फोरेस कंपनी अब केवल औद्योगिक उपकरणों तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसने युद्ध में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इसने अमेरिका और पश्चिमी देशों के सैन्य उपकरणों को नष्ट करने वाले सैनिकों को नकद इनाम देना शुरू किया है। इससे पहले कंपनी अब्राम्स टैंक और लेपर्ड-2 टैंक को नष्ट करने पर भी इनाम दे चुकी है।
बताया जा रहा है कि अगस्त 2024 में एक एफ-16 विमान रूसी मिसाइल हमले में क्रैश हुआ था, जिसमें यूक्रेनी पायलट की मौत हो गई थी। इसके बाद 12 अप्रैल 2025 को एक और एफ-16 को रूस ने मार गिराया। इन घटनाओं के बाद रूस ने दावा किया कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली अमेरिका के अत्याधुनिक विमानों को भी नष्ट करने में सक्षम है।
फोरेस कंपनी अब तक करीब 5.24 करोड़ रुपये के इनाम दे चुकी है। जानकारों का मानना है कि यह रूस की एक रणनीतिक चाल है, जिससे सैनिकों का मनोबल बढ़ाया जा रहा है और पश्चिमी देशों को यह संदेश दिया जा रहा है कि उनके आधुनिक हथियार रूस की सैन्य ताकत के आगे टिक नहीं सकते।
