पश्चिम सिंहभूम।झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चाईबासा जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र के वनग्राम बामईबासा और गौबुरू के जंगली इलाके में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान के दौरान एक पुराने नक्सली डम्प का खुलासा किया गया। इस डम्प से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने जानकारी दी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, असीम मंडल, सागेन अंगरिया सहित कई नक्सली अपने दस्तों के साथ सारंडा क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन 203 व 209, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 26, 60, 134, 174, 193 और 197 बटालियनों की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान बामईबासा और गौबुरू के जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाया गया विस्फोटकों से भरा डम्प बरामद किया। बरामद सामग्री में जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, फ्यूज, अर्ध तरल विस्फोटक, पाइप, तार, आयरन रॉड, बैटरियां और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। बम निरोधक दस्ते की मदद से सभी विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
एसपी शेखर ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल करने में महत्वपूर्ण रही है। अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है और क्षेत्र में तलाशी अभियान अब भी जारी है।
