तेहरान। अमेरिका द्वारा ईरान पर सैन्य हमले के जवाब में ईरान की संसद ने एक कड़ा कदम उठाते हुए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को बंद करने के पक्ष में मतदान किया है। इस कदम ने वैश्विक बाजारों में बेचैनी बढ़ा दी है और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल की आशंका गहरा गई है।
हालांकि यह मतदान बाध्यकारी नहीं है क्योंकि अंतिम निर्णय ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल द्वारा लिया जाएगा। लेकिन यह संकेत अवश्य देता है कि तेहरान अब अपने जवाबी कदमों में नरमी नहीं बरतने वाला।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद पैदा हुआ तनाव अब वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा को सीधे चुनौती दे रहा है। उस पर ईरानी सासंद के फैसले ने कच्चे तेल की कीमतों में 5 डॉलर तक की तत्काल वृद्धि की संभावना बढ़ा दी है। ऐसे में अगर यह समुद्री मार्ग बंद होता है, तो तेल कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से दुनियाभर में महंगाई और आर्थिक अस्थिरता फैल सकती है। यह हालात वैश्विक मंदी की ओर ले जा सकते हैं।
बतादें कि ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत पहले ही शुक्रवार तक 77 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी थी, जो कि जून के मध्य से अब तक 10% की वृद्धि को दर्शाता है। जानकारों का कहना है कि रविवार देर रात (यूके समयानुसार) जब वैश्विक बाजार खुलेंगे, तब इसमें और उछाल आ सकता है।
तेल के लिए जीवनरेखा है होर्मुज जलडमरूमध्य
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी से बाहर निकलने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से दुनिया की कुल तेल खपत का लगभग 20 फीसदी हिस्सा होकर गुजरता है। इस जलमार्ग की संभावित बंदी से न केवल कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि होगी, बल्कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व
होर्मुज जलडमरूमध्य, जो फारस की खाड़ी को अरब सागर और ओमान की खाड़ी से जोड़ता है, वैश्विक तेल व्यापार की जीवनरेखा है। इसके उत्तर में ईरान और दक्षिण में ओमान मौजूद है। यह जलसंधि 167 किमी लंबी और 33 से 60 किमी चौड़ी है।। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन के अनुसार, 2022 में इस मार्ग से प्रतिदिन औसतन 21 मिलियन बैरल तेल और तेल उत्पादों का परिवहन हुआ, जो वैश्विक कच्चे तेल व्यापार का लगभग 21% है।
भारत पर क्या पड़ेगा प्रभाव
अब सवाल ये है कि यदि होर्मुज जलसंधि बंद कर दिया जाएगा तो भारत पर क्या प्रभाव पड़ेगा। जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को हिंद महासागर से जोड़ता है । किसी भी तरह की नाकाबंदी से तेल की कीमतें बढ़ेंगी।
5.5 मिलियन बैरल तेल की खपत करता है भारत
भारत के तेल आयात का दो तिहाई से ज़्यादा हिस्सा और तरलीकृत प्राकृतिक गैस आयात का लगभग आधा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। मिनट की रिपोर्ट के मुताबिक भारत हर दिन 5.5 मिलियन बैरल तेल की खपत करता है, जिसमें से 1.5 मिलियन बैरल जलमार्ग से होकर गुज़रता है।
भारत को होगा नुकसान
विदेश मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करता है, तो भारत को निश्चित रूप से नुकसान होगा। दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चा तेल और 25 फीसदी प्राकृतिक गैस इन्हीं से होकर बहती है।” उन्होंने कहा कि भारत को नुकसान होगा क्योंकि तेल की कीमतें बढ़ेंगी, मुद्रास्फीति बढ़ेगी और एक अनुमान है कि कच्चे तेल की कीमत में प्रत्येक दस डॉलर की वृद्धि से भारत के सकल घरेलू उत्पाद को 0.5 प्रतिशत का नुकसान होगा।
