गम्हरिया (झारखंड): 21वीं सदी के भारत में जहां एक ओर देश विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर समाज के कुछ हिस्सों में आज भी अंधविश्वास और रूढ़िवादी सोच लोगों की जिंदगी को बर्बाद कर रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गायत्री नगर से सामने आया है, जहां विधवा कौशल्या महतो को पड़ोसियों ने डायन बताकर सामाजिक बहिष्कार का शिकार बना दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पड़ोसी दिलीप घोष की नज़र कौशल्या की संपत्ति पर है। उसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने की वजह से पुलिस और प्रशासन भी इस मामले में निष्क्रिय बने हुए हैं। जबकि राज्य में डायन प्रथा को रोकने के लिए सख्त कानून मौजूद है।
इस अमानवीय व्यवहार की जानकारी मिलते ही डायन कुप्रथा के खिलाफ वर्षों से संघर्ष कर रहीं और पद्मश्री से सम्मानित छुटनी महतो पीड़िता के समर्थन में आगे आईं। उन्होंने कौशल्या को जिला उपायुक्त कार्यालय ले जाकर अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। उपायुक्त ने बीडीओ और थाना प्रभारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कौशल्या आज भी अपमान और सामाजिक तिरस्कार झेल रही हैं। कोई उनके घर नहीं आता और न ही वह खुद कहीं जा सकती हैं।
यह मामला प्रशासनिक संवेदनहीनता और समाज में फैले अंधविश्वास की गहरी जड़ों को उजागर करता है। जब तक समाज की सोच नहीं बदलेगी और प्रशासन निष्पक्षता से काम नहीं करेगा, तब तक कौशल्या जैसी महिलाओं को इंसाफ मिलना बेहद मुश्किल रहेगा।
