वॉशिंगटन: अमेरिका ने मंगलवार को एक बड़े कदम में मध्य पूर्व, अफ्रीका और यूरोप में फैले पांच लोगों और पांच संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन पर आरोप है कि ये संगठन और व्यक्ति हमास के सैन्य विंग को आर्थिक मदद पहुंचाने का काम कर रहे थे। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने इन पर यह भी आरोप लगाया है कि ये संस्थाएं गाजा पट्टी और आसपास के इलाकों में मानवीय कार्यों के नाम पर आतंकी फंडिंग कर रहे थे।
प्रतिबंधित संगठनों में प्रमुख नामों में अल-विआम चैरिटेबल सोसाइटी (गाजा), उसकी कार्यकारी निदेशक मोहम्मद सामी मोहम्मद अबू मरेई, और तुर्की आधारित फिलिस्तीन वक्फी शामिल हैं। इन संगठनों और व्यक्तियों पर आरोप है कि वे हमास से जुड़े हैं और आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटा रहे हैं। इसके अलावा, अल्जीरिया, नीदरलैंड और इटली में भी कुछ अन्य चैरिटियों को प्रतिबंधित किया गया है, जिनके कथित तौर पर हमास या फिलिस्तीनी कट्टरपंथी समूहों से संबंध हैं।
अमेरिका ने एक और संगठन, ‘पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ फिलिस्तीन’ (पीएफएलपी) पर भी कार्रवाई की है। ट्रेजरी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब आतंकी फंडिंग ऑनलाइन क्राउड फंडिंग के माध्यम से भी हो रही है। अधिकांश सोशल मीडिया और वेबसाइट्स पर हो रही निधि संग्रहण को वैध सामाजिक कार्य समझ कर आतंकी समूह फंड जुटा लेते हैं, जिससे इनका पता लगाना मुश्किल हो जाता है।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कदम आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश है। अमेरिका आतंकवाद के लिए आर्थिक मदद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा, चाहे वह मानवीय कार्यों के नाम पर ही क्यों न हो। यह कार्रवाई आतंकियों को आर्थिक सहायता देने के रास्ते को बंद करने के उद्देश्य से उठाई गई है और इससे जुड़े संगठनों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
