टोरंटो:कनाडा के टोरंटो में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार और विश्वास के नाम पर एक युवक के साथ 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हो गई। विन्निपेग निवासी लॉरेंस कैंपबेल ने 2024 में लॉटरी टिकट खरीदा था और किस्मत ने उनका साथ दिया — उन्हें करीब 50 लाख कनाडाई डॉलर यानी लगभग 30 करोड़ रुपए की लॉटरी लगी।
हालांकि, उनकी पहचान संबंधी दस्तावेजों में कमी के कारण वे स्वयं लॉटरी क्लेम नहीं कर सके। लॉटरी अधिकारियों की सलाह पर उन्होंने अपनी प्रेमिका क्रिस्टल ऐन मैके को नामित किया। उस समय दोनों डेढ़ साल से एक रिश्ते में थे और लॉरेंस ने क्रिस्टल पर पूरा भरोसा किया।
दोनों ने विजयी टिकट को प्रमाणित करवाया, वीडियो रिकॉर्ड किया और साथ में फोटो भी खिंचवाए। कैंपबेल ने इस राशि को प्रेमिका के जन्मदिन के तोहफे के रूप में समर्पित किया। लेकिन कुछ ही हफ्तों बाद क्रिस्टल अचानक गायब हो गई। उसने कैंपबेल से सारे संपर्क तोड़ दिए, सोशल मीडिया से ब्लॉक कर दिया और उस पर सुरक्षा आदेश भी लगा दिया।
जल्द ही कैंपबेल को पता चला कि क्रिस्टल किसी अन्य पुरुष के साथ रह रही है। अब कैंपबेल ने मैनिटोबा की कोर्ट ऑफ किंग्स बेंच में मुकदमा दायर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉटरी एजेंसी ने उन्हें अपर्याप्त जानकारी दी, जिससे यह धोखा संभव हुआ। क्रिस्टल के वकील ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कोर्ट में जवाब देने की बात कही है।
