नई दिल्ली। भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए मंगलवार को आधी रात के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए हैं। इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। रक्षा मंत्रालय ने इसे एक सुनियोजित, संतुलित और सीमित जवाबी कार्रवाई बताया है, जिसका मकसद आतंकवाद के केंद्रों को खत्म करना है, न कि किसी देश की सेना को निशाना बनाना।इस हमले में 7 शहरों के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं।
पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डॉयरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा, भारत ने 24 मिसाइलें दागी हैं। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी ऑपरेशन सिंदूर को पूरी रात मॉनिटर करते रहे।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह ऑपरेशन पूरी तरह उन ठिकानों पर केंद्रित था, जहां से भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों की योजना बनाई जाती थी। हमला सावधानीपूर्वक चुने गए लक्ष्यों पर किया गया और इस दौरान पाकिस्तानी सेना के किसी भी अड्डे को निशाना नहीं बनाया गया।

यह कार्रवाई पहलगाम हमले के 15 दिन बाद की गई, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। भारत सरकार ने इस हमले के जिम्मेदारों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि ऐसे हर हमले का जवाब कड़ा और निर्णायक होगा।
भारत की इस सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष ‘शांति’ की दुहाई दी है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा है कि दोनों देशों के बीच तीव्र तनाव के बीच भारत ने कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं। यह एक कायरतापूर्ण हमला है।

जबकि भारत ने साफ कर दिया है कि यह आतंक के खिलाफ किया गया वैध और आवश्यक कदम था। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि जल्द ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
पीएम मोदी ने रखी नजर :पाकिस्तान की नजर भारत में 7 मई को होनी वाली मॉक ड्रिल पर थी लेकिन भारत ने इससे पहले ही पाकिस्तान में स्थित उसके आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक कर दी। भारत की स्ट्राइक से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। खुद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस कार्रवाई का उल्लेख किया, तो वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी भारत की कार्रवाई पर नजर रखे रहे। वह रात में सोए नहीं और अपडेट लेते रहे।
मुजफ्फराबाद में छाया अंधेरा :ऑपरेशन सिंदूर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया व्यक्त दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि ‘भारत माता की जय’। भारत के आॅपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद में अंधेरा छा गया। वहां चश्मदीदों ने बताया कि धमाकों के बाद शहर की बिजली पूरी तरह से गुल हो गई। पाकिस्तान ने बाद में सीमा पर फायरिंग की। भारत ने इसका कड़ा जवाब दिया।
ट्रंप बोले-हमें पता था :भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिका की प्रतिक्रिया भी आई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में कहा कि हमें पता था कुछ बड़ा होने वाला है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया। वीडियो में आतंकी ठिकानों को तबाह करने की आवाजें साफ तौर पर सुनी गईं।
जैश पर जबरदस्त चोट : भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को बड़ी चोट दी है। भारतीय विमानों की गड़गड़ाहट के बीच ऑपरेशन जैश-ए-मोहम्मद का ठिकाना नेस्तनाबूत हो गया। बहावलपुर में जैश का मर्कज सुभान अल्लाह तबाह हो गया। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। तो वहीं मुरीदेके मे मरकज ए तैयबा को उड़ाया गया। मरकज एक तैयबा में ट्रेनिंग लेते थे लश्कर के आतंकी। इसका नाम 26/11 अटैक में आया था।