पटना। पटना एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह अफरा-तफरी मच गई क्योंकि यहां एयर इंडिया की फ्लाइट से पहुंचे यात्रियों को अपना सामान नहीं मिला। यह फ्लाइट तय समय पर लैंड तो कर गई, लेकिन विमान से उतरने के बाद जब अनाउंसमेंट हुआ कि यात्रियों का लगेज 4 नंबर बेल्ट पर आएगा, तो सभी यात्री वहां पहुंच गए।
कुछ समय इंतजार करने के बाद जब बेल्ट पर कोई सामान नहीं आया, तो यात्रियों ने पूछताछ शुरू की। इस पर एयरलाइन की ओर से बताया गया कि तकनीकी कारणों और ज्यादा वजन के चलते फ्लाइट में लगेज रखा ही नहीं गया था। यह सुनते ही यात्रियों होश उड़ गए और करीब 180 यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
यात्रियों ने एयर इंडिया पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई। कई ऐसे यात्री भी थे जिन्हें आगे की फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन लगेज न मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर मौजूद एयर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ और सीआईएसएफ के जवानों ने हालात को संभाला और यात्रियों को शांत कराया। एयर इंडिया ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनका लगेज अगली फ्लाइट से भेजा जाएगा और उन्हें जल्द सूचित किया जाएगा। बता दें बीते 15 दिनों में यह तीसरी बार है जब पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। ऐसी घटनाओं से हवाई यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।
