झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल भी बेटियों का जलवा रहा। साइंस में धनबाद की अंकिता दत्ता और कॉमर्स में चाईबासा की रेशमी कुमारी राज्य की टॉपर बनी हैं। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने परिणाम जारी करते हुए सभी सफल परीक्षार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
साइंस की टॉपर अंकिता दत्ता
धनबाद की रहने वाली अंकिता दत्ता ने साइंस में 95.4% अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में टॉप किया। वह राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल, गोविंदपुर की छात्रा हैं। उनके पिता प्रलय कुमार दत्ता एक इलेक्ट्रिशियन हैं और माता गृहिणी। साधारण परिवार से आने वाली अंकिता की मेहनत और लगन ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।
अंकिता ने बताया कि उन्हें अपनी मेहनत पर भरोसा था, लेकिन स्टेट टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी। वे फिलहाल जेईई की तैयारी में लगी हैं और बी.टेक करना चाहती हैं। 10वीं में भी अंकिता ने 91.4% अंक प्राप्त किए थे। पढ़ाई को लेकर उनका जुनून शुरू से ही गहरा रहा है। उनके परिवार में दो छोटी बहनें भी हैं जो स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं।
कॉमर्स की टॉपर रेशमी कुमारी
कॉमर्स में राज्य की टॉपर रहीं रेशमी कुमारी ने 95.2% अंक प्राप्त किए। वह चाईबासा के संत जेवियर गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उनके पिता राजेश प्रसाद कपड़े की दुकान चलाते हैं और माता रीना प्रसाद गृहिणी हैं। रेशमी ने 10वीं में 85.16% अंक हासिल किए थे।
रेशमी ने बताया कि वे भविष्य में बीबीए करना चाहती हैं और अच्छे कॉलेज की तलाश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि करियर को लेकर वे ग्रेजुएशन के दौरान ही कोई निर्णय लेंगी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। रेशमी की एक बहन बीसीए कर रही है जबकि छोटा भाई 10वीं में पढ़ाई कर रहा है।
टॉपर्स की सूची (साइंस स्ट्रीम)
- अंकिता दत्ता – 477/500 – राजकीयकृत प्लस टू हाई स्कूल, गोविंदपुर
- अंकित कुमार साह – 476/500 – नोआमुंडी इंटर कॉलेज
- किशोर कुमार – 474/500 – प्लस टू हाई स्कूल, बरकागांव
- जगन्नाथ सिंह चौधरी – 474/500 – वी के मजदूर इंटर कॉलेज, चास
- हिमांशु कुमार – 474/500 – बिशनुगढ़ इंटर कॉलेज
टॉपर्स की सूची (कॉमर्स स्ट्रीम)
- रेशमी कुमारी – 476/500 – संत जेवियर गर्ल्स इंटर कॉलेज, चाईबासा
- हसन शेख – 475/500 – प्लस टू हाई स्कूल, मिहिजाम
- पीयूष शॉ – 474/500 – प्लस टू हाई स्कूल, मिहिजाम
जिलेवार प्रदर्शन (साइंस स्ट्रीम) साइंस में लातेहार (88.02%) टॉप पर रहा। इसके बाद कोडरमा (86.97%), पलामू (85.79%), हजारीबाग (84.79%), गिरिडीह (82.74%) रहे। रांची (76.08%) और बोकारो (77.65%) जैसे बड़े जिले अपेक्षाकृत पीछे रहे।
जिलेवार प्रदर्शन (कॉमर्स स्ट्रीम) कॉमर्स में लातेहार ने 100% परिणाम देकर सबको पीछे छोड़ दिया। इसके बाद लोहरदगा (98.69%), सिमडेगा (98.04%), जामताड़ा (97.72%), पाकुड़ (96.29%) ने शानदार प्रदर्शन किया।
