हैदराबाद। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को तेलंगाना में 5,400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 26 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, राज्य मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और जिला प्रभारी मंत्री सीथक्का भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम की शुरुआत कोमुरम भीम जिले से हुई, जहां गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग 363 को राष्ट्र को समर्पित किया। उद्घाटन समारोह कागजनगर एक्स-रोड पर सुबह 11 बजे शुरू हुआ। यहां प्रमुख परियोजनाओं में निर्मल से खानापुर के बीच 17.79 किमी सड़क चौड़ीकरण, मंचिरियाल-रेपल्लेवाड़ा के बीच 42 किमी फोर-लेन सड़क (2,001 करोड़ रुपये), और रेपल्ले से महाराष्ट्र सीमा तक 52.6 किमी सड़क विकास (1,525 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
कड़ताल में नागपुर-हैदराबाद खंड पर 6 लेन अंडरपास और जंक्शन सुधार पर भी काम शुरू हुआ है, जिसकी लागत 23.54 करोड़ रुपये है।
दोपहर के समय गडकरी ने संगारेड्डी जिले का दौरा किया। वे हेलीकॉप्टर से इक्रीसैट पहुंचे और वहां से विशेष वाहन द्वारा बीएचईएल पहुंचे। उन्होंने लिंगमपल्ली-बीएचईएल फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। यह फ्लाईओवर 172.56 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है।
हैदराबाद में अंबरपेट फ्लाईओवर (1.47 किमी, 415 करोड़ रुपये) की शुरुआत की गई। इसके अलावा अरंगहर-शमशाबाद के बीच 10 किमी लंबाई की 6 लेन सड़क परियोजना का भूमि पूजन भी किया गया।
अन्य परियोजनाओं में मेडक और कामारेड्डी जिलों में अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। अलेरू-जेडिकल एक्स रोड पर भी 6 लेन का अंडरपास बनाया जाएगा।
गडकरी ने 657 करोड़ रुपये की 21 किमी लंबी सात परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अंबरपेट म्युनिसिपल ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित किया और शाम 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
