मैंगलोर (कर्नाटक): कर्नाटक के मैंगलोर में हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की निर्मम हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना को लेकर मैंगलोर पुलिस कमिश्नर अनुपम अग्रवाल ने गृह मंत्री जी. परमेश्वर के साथ बैठक के बाद अहम जानकारी साझा की।
सुहास शेट्टी की हत्या की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों के मोबाइल में कैद हो गई थी, जिनके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अब्दुल सफान, नियाज, मोहम्मद मुजामिल, कलंदर शफी, मोहम्मद रिजवान, रंजीत और नागराज जैसे नाम सामने आए हैं। इनमें से दो आरोपी हिंदू समुदाय से हैं, जो हत्या की साजिश में शामिल पाए गए।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुख्य साजिशकर्ता आदिल, जिसने अपने भाई फैजल की हत्या का बदला लेने के लिए सुहास शेट्टी की हत्या करवाई। बताया गया कि आदिल ने पहले खुद को सुहास शेट्टी के गिरोह का हिस्सा बताया था, लेकिन जब उसके भाई की हत्या हुई, तब उसने बदला लेने के लिए हिंदू युवकों को इस साजिश में शामिल कर लिया।
गृहमंत्री परमेश्वर ने साफ किया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच हो रही है और सभी आरोपियों पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में नफरत और विभाजन को बढ़ावा देती हैं, जिन्हें सख्ती से रोका जाना चाहिए।
