वाराणसी। योग के क्षेत्र में अपने अद्भुत योगदान और लंबी उम्र के लिए प्रसिद्ध पद्मश्री योग गुरु बाबा शिवानंद अब इस दुनिया में नहीं रहे। शनिवार देर रात 129 वर्ष की आयु में उन्होंने वाराणसी के बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले तीन दिनों से वह उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती थे।
बाबा शिवानंद का पार्थिव शरीर रात करीब साढ़े 11 बजे दुर्गाकुंड स्थित कबीरनगर कॉलोनी स्थित आश्रम लाया गया। उनके अनुयायियों ने बताया कि अंतिम संस्कार रविवार अपराह्न हरिश्चंद्र घाट पर किया जाएगा। बाबा के अंतिम दर्शन के लिए देश के विभिन्न राज्यों — पश्चिम बंगाल, असम, ओडिशा, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक — से उनके शिष्य वाराणसी पहुंच रहे हैं।
बाबा शिवानंद के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “योग और साधना को समर्पित शिवानंद बाबा जी का निधन अत्यंत दुखद है। उनका तपस्वी जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने योग के माध्यम से समाज की सेवा की और देश को गौरव प्रदान किया।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बाबा शिवानंद की जीवन साधना और विनम्रता सभी को प्रेरणा देती रहेगी। बाबा को वर्ष 2022 में भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित किया था, जिसे उन्होंने बड़े ही सरल और श्रद्धापूर्ण भाव से स्वीकार किया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों सम्मान लेते समय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य लोगों को साष्टांग प्रणाम कर अपनी विनम्रता का परिचय दिया था।
बाबा शिवानंद का जन्म आठ अगस्त 1896 को अविभाजित भारत के बंगाल (अब बांग्लादेश) के श्रीहट्ट जिले में हुआ था। उन्होंने जीवन भर अन्न का त्याग कर योग को ही अपना धर्म माना। उनका संपूर्ण जीवन योग, ब्रह्मचर्य और सेवा को समर्पित रहा।
