बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के नेशनल पार्क के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने एक और सेंट्रल कमिटी मेंबर सुधाकर को मार गिराया है और मौके से ऑटोमैटिक हथियार के बरामद हुआ है। सुधाकर बीते 30 सालों से नक्सल संगठन में सक्रिय था। वह नक्सलियों की तेलंगाना स्टेट कमेटी का सदस्य है। मुठभेड़ की पुष्टि बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी कुछ देर में साझा की जायेगी।
डीआरजी, काेबरा और एसटीएफ के जवानों के साथ नेशनल पार्क के जंगल में नक्सलियों काे घेर रखा है, जहां लगातार मुठभेड़ जारी है, जिसमें एक नक्सली के मारे जाने और उसके ऑटोमैटिक हथियार के बरामद होने की खबर है। ऐसा माना जा रहा है कि इस मुठभेड़ में जवानों को फिर से बड़ी सफलता मिल सकती है।
इससे पहले, 21 मई को सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की थी, जब नक्सलियों के शीर्ष नेता और एक करोड़ के इनामी नक्सल कमांडर नम्बाला केशव राव उर्फ बशव राजू को ढेर किया गया था। बशव राजू नक्सल संगठन के देशव्यापी संचालन का प्रमुख जिम्मेदार था। बुधवार की मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाकर संगठन को गहरा झटका दिया। इस ऑपरेशन में 30 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, जिनमें सेंट्रल कमेटी के कई अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है, जो अब खतरे से बाहर है, जबकि पुलिस बल का एक सहयोगी शहीद हो गया।
