पटना : बिहार में मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम तेजी से चल रहा है। चुनाव आयोग ने रिविजन के बाद बिहार में वोटर लिस्ट का पहला ड्राफ्ट जारी कर दिया है। मतदाताओं को एक महीने का समय दिया गया है ताकि वो इस दौरान इस लिस्ट में अपने नाम को लेकर किसी तरह का दावा या सुधार कराना चाहें तो वो करा सकें। SIR के पहले ड्राफ्ट को लेकर अब बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने इसे लेकर कहा है कि चुनाव आयोग के इस पहले ड्राफ्ट में तो मेरा नाम भी नहीं है। जब मैंने अपना नाम चेक करने की कोशिश की तो वहां नो रिकॉर्ड फाउंड का मैसेज आया। अब ऐसे में जब वोटर लिस्ट में मेरा ही नाम नहीं है तो मैं चुनाव कैसे लडूंगा ? हालांकि चुनाव आयोग ने तुरंत इस मामले पर जवाब देकर बताया है कि उनका नाम लिस्ट में शामिल है।
65 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग की नई वोटर लिस्ट पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग हर विधानसभा क्षेत्र से 20 से 30 हजार नाम काटे गए हैं।
बता दें शुक्रवार को चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया का पहला ड्राफ्ट जारी किया है, जिसमें 65 लाख मतदाताओं (लगभग 8.5%) का नाम मतदाता सूची से हटा दिया है।
चुनाव आयोग ने फौरन दिया उत्तर
तेजस्वी यादव के आरोप लगाने के बाद चुनाव आयोग ने फौरन इसपर प्रतिक्रिया दी है।चुनाव आयोग ने इस संबंध में लिस्ट जारी कर तेजस्वी यादव का नाम लिस्ट में जारी होने की बात की है। ईसी ने इस संबंध में तेजस्वी का सीरियल नंबर 416 भी जारी कर इसका स्पष्टीकरण दिया है।
