रांची। रांची में भारी बारिश के रेड अलर्ट के बाद गुरुवार को जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इसका आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, 19 जून को जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक समेत) एवं सभी निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं नहीं चलेंगी। आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मौसम विभाग ने रांची में 17 से 21 जून तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और रेड अलर्ट जारी किया है।
रांची बना तालाब: नगर निगम की खुली पोल
लगातार हो रही बारिश ने रांची शहर को सचमुच एक तालाब में बदल दिया है। हर गली, हर सड़क पर पानी भरा हुआ है। जिससे पैदल चलना तो दूर, फोर व्हीलर चलाना भी मुश्किल हो गया है। इस दो दिवसीय बारिश ने नगर निगम की सारी तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। जल निकासी की व्यवस्था इतनी खराब है कि थोड़ी सी बारिश में ही शहर के कई इलाके जलमग्न हो जाते हैं।
आदेश का पालन नहीं करने पर होंगे जिम्मेदार-डीसी
आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने पर संबंधित विद्यालय/संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धारा के तहत उत्तरदायी होंगे। रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रधानाध्यापक सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सभी कोटि के विद्यालय के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक/संबंधित शिक्षक-शिक्षिका/संबंधित विद्यालय प्रधान एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक/माध्यमिक एवं +2 उच्च विद्यालय/सचिव/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को आदेश पालन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है।
