रांची: झारखंड में मानसून की रफ्तार ने जोर पकड़ लिया है. मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश की संभावना है. राज्य में कुछ क्षेत्रों में अब तक सामान्य से बहुत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, तो कुछ जिलों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है.
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग ने आज गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और रामगढ़ (आंशिक रूप से) में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में शनिवार को मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम की अद्यतन जानकारी पर ध्यान देने की सलाह दी है.
रांची में बारिश जारी
राजधानी रांची में शनिवार को दोपहर बाद हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 से 7 अगस्त तक रांची में गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी और अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में भी गिरावट आ सकती है.
अब तक की बारिश का आंकड़ा
1 जून 2025 से अब तक रांची में 770.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 517 मिमी मानी जाती है. इसका मतलब है कि रांची में अब तक 87 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है. खूंटी में शुक्रवार को 15 मिमी बारिश हुई, जमशेदपुर और बोकारो में 1-1 मिमी, जबकि सबसे अधिक बारिश धनबाद के पूर्वी टुंडी में 96 मिमी दर्ज की गई.
