नयी दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को नीट यूजी 2025 के नतीजे घोषित कर दिए। राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले महेश केसवानी ने 720 में से 686 अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा में मध्य प्रदेश के इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने सेकेंड रैंक और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी ने तीसरा रैंक हासिल किया है, जबकि झारखंड के हिमांशु को 134वां रैंक मिला है। वे इस रैंक के साथ झारखंड टॉपर बने हैं। इस बार परीक्षा में पूरे देश के 20 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 12.36 लाख स्टूडेंट्स क्वालिफाई हुए हैं।
नीट यूजी 2025 का रिजल्ट फाइनल आंसर की के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध है। उम्मीदवार लॉगिन आइडी की मदद से विषयवार अंक, कुल स्कोर, प्रतिशत रैंक और अपनी योग्यता स्थिति वेबसाइट पर देख सकते हैं। एनटीए जल्द ही एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए जरूरी कट-आॅफ अंक भी जारी कर सकता है। पिछले साल, सामान्य श्रेणी के लिए कट-आॅफ 50 प्रतिशत था, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए यह 40 प्रतिशत था। इस साल की कट-आॅफ भी आॅल इंडिया मेरिट लिस्ट में मिले उच्चतम अंकों के आधार पर तय की जायेगी। नीट यूजी 2025 में पास होने वाले छात्र एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिए होने वाली केंद्रीकृत काउंसलिंग में शामिल होने के योग्य होंगे।
पिछले साल से घट गया कट-ऑफ : 2024 में अनारक्षित कैटेगरी के लिए कट-ऑफ स्कोर 162 था, जो इस साल घटकर 144 हो गया। बीते साल आल इंडिया रैंक-1 पर 17 स्टूडेंट्स थे। इन सभी ने 720 में से 720 स्कोर किए थे। इस साल मुश्किल पेपर की वजह से टॉपर का स्कोर और कट-ऑफ नीचे आ गया है।
एमपी के उत्कर्ष सेकेंड महाराष्ट्र के कृषांग थर्ड
इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने सेकेंड और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी ने तीसरा रैंक हासिल किया है। टॉप 10 में केवल एक लड़की है। दिल्ली की अविका अग्रवाल को फीमेल कैटेगरी में पहला स्थान मिला है।
ब्रदर्स एकेडमी के हिमांशु 134वें रैंक के साथ बने झारखंड के टॉपर
ब्रदर्स एकेडमी के हिमांशु नीट-यूनी 2025 की प्रवेश परीक्षा में झारखंड टॉपर बने हैं। उन्हें आल इंडिया रैंक 134 हासिल हुआ है। हिमांशु का मानना है कि एक औसत छात्र भी अपने दृढ़ संकल्प, आत्मबल, धैर्य और सघन परिश्रम के बल पर अपना एमबीबीएस करने का सपना पूरा कर सकता है।

संस्थान के निदेशक पारस अग्रवाल, प्रेम प्रसून और शुभेन्दु शेखर ने कहा कि एक बार फिर हमारे छात्रों की सफलता ने ऐकेडमी का गौरव बढ़ाया है। निदेशकों ने छात्रों की सफलता पर बधाई देते हुए आगे की जीवनयात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। संस्थान के सफल छात्रों के अभिभावकों ने सफलता के लिए छात्रों के अथक परिश्रम और एकेडमी के शिक्षकों को दिया है।