पूर्वी सिंहभूम। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के छोटा दुर्गापूजा मैदान के पास शनिवार सुबह एक महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन छीन ली गई।
घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे की है, जब संजना झा नामक महिला घर के बाहर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। महिला ने बताया कि पहले एक बाइक सवार ने उनकी रेकी की और फिर दूसरी बाइक पर आए बदमाश ने अचानक पैदल आकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया।
महिला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चेन की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत सिदगोड़ा थाना में की, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। घटना सुबह की है।
स्थानीय निवासी विजय नारायण ने बताया कि इसी क्षेत्र में 15 दिन पहले भी एक महिला से इसी तरह की छिनतई हुई थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर में इन दिनों चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। शुक्रवार को भी नौसेनिक के जवान की पत्नी से भी चैन छिनतई हुई थी।
