रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली. वह लंबे समय से बिमार चल रहे थे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन की जानकारी दी. मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूं.” शिबू सोरेन के निधन की खबर से झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।
तबीयत खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था. जहां उनकी तबीयत और भी खराब हो गई. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया. उनके किडनी में इंफेक्शन हो गई थी. उनको ब्रोंकाइटिस भी डिटेक्ट हुआ था. जिसके कारण उनका निधन हो गया. इसकी जानकारी सर गंगाराम अस्पताल में नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. एके भल्ला ने दी.
बता दें कि शरीर के बाएं हिस्से में ब्रेन स्ट्रोक होने से पैरालाइसिस की शिकायत के बाद वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तभी से वह अस्पताल में आईसीयू में वेंटीलेटर पर थे. इसके चलते झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन करीब एक सप्ताह से दिल्ली में ही रुके हुए थे. शिबू सोरेन का हालचाल लेने के लिए सर गंगाराम अस्पताल में नेताओं का आना-जाना भी लगा हुआ था.
शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के बाद उनके बेटे सीएम हेमंत सोरेन और उनकी बहू कल्पना सोरेन भी दिल्ली पहुंची. उनके छोटे बेटे बसंत सोरेन भी दिल्ली में ही मौजूद हैं. बीमारी की सूचना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी शिबू सोरेन से मिलने गंगाराम अस्पताल पहुंचे थे.
गौरतलब हो कि शिबू सोरेन की झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में अहम भूमिका रही है. अलग राज्य बनने के बाद वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री भी रहे. उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की थी. वर्तमान में वे पार्टी के संरक्षक की भूमिका में थे. वे सात बार लोकसभा के सांसद भी चुने गए. 2004 में वे मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय कोयला मंत्री भी रहे.
शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन वर्तमान में झारखंड के मुख्यमंत्री हैं. वहीं उनकी बहू और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी विधायक हैं. उनके छोटे बेटे बसंत सोरेन भी दुमका से विधायक हैं. वहीं उनके बड़े बेटे दुर्गा सोरेन का निधन हो चुका है. दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन वर्तमान में बीजेपी में शामिल हैं.
1944 में शिबू सोरेन का जन्म रामगढ़ के नेमरा गांव में हुआ था. उनका पूरा जीवन आंदोलन में गुजरा. उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है.
