पलामू। जिला मुख्यालय डालटनगंज के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के पांकी रोड जीएलए कॉलेज के पास सोमवार को सड़क दुर्घटना में युवती रिद्धि कुमारी (21)की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन रानी कुमारी जख्मी हो गयी। दोनों स्कूटी से थे। उनकी स्कूटी में सामने से ऑटो ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार तरहसी थाना क्षेत्र के पसहर गांव के रंजीत कुमार की पुत्री रिद्धि कुमारी मेदिनीनगर शहर के जनकपुरी में अपनी बहन के साथ रहकर पढ़ाई करती थी। सोमवार दोपहर वह स्कूटी पर सवार होकर अपनी बड़ी बहन को स्कूल से लाने गई थी। इसी बीच रास्ते में जीएलए कॉलेज के पास एक डाला ऑटो ने आगे से रिद्धि कुमारी की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी से गिरकर रिद्धि गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया एवं परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पुलिस ऑटो और उसके चालक को पकड़कर थाना ले गई है ।
पोस्टमॉर्टम कराने आये रिद्धि के पिता रंजीत कुमार ने बताया की हम लोग चार साल से डालटनगंज में किराए के मकान में रहते आ रहे हैं। तीन बेटियां एक साथ रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। 1 मई को गुड्डु सिंह के मकान में शिफ्ट हुए थे।
