पुंछ।पहलगाम आतंकी हमले के आतंकियों के खात्मे के लिए सेना ने श्रीनगर में ऑपरेशन महादेव चलाया था। इसी कड़ी में बुधवार को पुंछ के अंतर्गत कसलीयां में नियंत्रण रेखा के पास सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन शिवशक्ति नाम दिया है ।
अभियान को लेकर सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक एक्स एकाउंट पर लिखा, भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पार कर घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया। त्वरित कार्रवाई और सटीक गोलाबारी ने उनके नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया। आतंकियों से तीन हथियार बरामद किए गए हैं। हमारी खुफिया इकाइयों और जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली सूचनाओं के कारण यह अभियान सफल रहा। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार आग्रिम ठिकानों के आगे संदिग्ध गतिविधियों की कुछ सूचनाओं के बाद पुंछ सेक्टर में पूरी नियंत्रण रेखा को खासकर बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर हाई अलर्ट पर रखा गया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज तड़के आतंकवादियों का एक समूह नियंत्रण रेखा की ओर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था लेकिन सेना के जवानों ने समय रहते जवाबी कार्रवाई की। आखिरी रिपोर्ट मिलने तक इलाके में गोलीबारी जारी थी।
एक्स पर एक पोस्ट में इसकी पुष्टि करते हुए व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने लिखा कि पुंछ सेक्टर के सामान्य क्षेत्र में बाड़ के पास हमारे सैनिकों ने दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि देखी और गोलीबारी हुई। ऑपरेशन जारी है।
