प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग का 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में निधन हो गया। सिंगर स्कूबा डाइविंग करने गए थे, इसी दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके असामयिक निधन से पूरे देश, विशेषकर असम में शोक व्याप्त है। जुबिन का पार्थिव शरीर हाल ही में असम लाया गया, जिसके बाद गुवाहाटी में उनके अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में प्रशंसक उमड़े। आज 23 सितंबर को उनका अंतिम संस्कार असम के कमरकुची गांव, उत्तरी कैरोलिना में किया गया है। अंतिम संस्कार में भारत सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई है। पहले अंतिम संस्कार का निर्धारित समय 8 बजे रखा गया था, लेकिन अब अटॉप्सी के बाद इसे संपन्न किया गया।
जुबीन गर्ग को किसने दी मुखाग्नि
कमरकुची एनसी गांव श्मशान घाट पर जुबिन गर्ग की बहन, पाल्मे बोरठाकुर और उनके भतीजे ने उनकी चिता को अग्नि देने की रस्म निभाई। सिंगर पंचतत्व में विलीन हो गए। परिवार के लोगों और उनके चाहने वालों ने उन्हें नम आंखों से अलविदा कहा। सिंगर को उनके सदाबहार गानों के जरिए हमेशा याद किया जाएगा।
रोती-बिलखती दिखीं जुबिन की पत्नी
गायक जुबिन गर्ग का शव अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रखा गया। उनकी पत्नी पास खड़ी रोती-बिलखती रहीं। इस दौरान उन्होंने अपने पति को आखिरी बार दुलार किया।

जुबीन गर्ग की अंतिम यात्रा खेल परिसर से शुरू हुई, जिसमें लाखों प्रशंसक, शुभचिंतक और मशहूर हस्तियां शामिल हुईं।गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दूसरे पोस्टमॉर्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को खेल परिसर में लाया गया और पारंपरिक असमिया ‘गामोछा’ से ढके एक कांच के ताबूत में रखा गया। शव को फूलों से सजी एक एम्बुलेंस में ले जाया गया, जिस पर गायक का एक बड़ा श्वेत-श्याम चित्र लगा था।
उनके 85 वर्षीय पिता और पत्नी गरिमा सैकिया सहित उनका परिवार अलग-अलग वाहनों में उनके साथ था, जबकि प्रशंसक और शुभचिंतक श्रद्धांजलि देने के लिए शवयात्रा के साथ-साथ चल रहे थे। गर्ग का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किये जाने की तैयारी शुरू हो गयी है।