उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया गया है कि मंदिर परिसर स्थित फैसिलिटी सेंटर के ऊपर रखे जनरेटर में आग लग गयी, जिससे यह हादसा हुआ। लेेकिन श्रद्धालुओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर समय पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयी हैं। आग बुझाने पर लगी हुई हैं।
इस संबंध में मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर परिसर में शंख द्वार के ऊपर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बैटरियां रखी हैं जिसमें गर्मी के चलते आग गई थी। आग पर काबू पा लिया है। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
आपको बता दें कि महाकाल मंदिर में हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, खासकर सोमवार को भीड़ अधिक होती है। आगजनी की यह घटना ऐसे समय पर हुई जब मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा हुआ था। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। इस घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है। इलेक्ट्रिक वायरिंग की जांच की जा रही है और ऐसे हादसों से निपटने के लिए अतिरिक्त उपाय करने की तैयारी भी की जा रही है।

घटना पर स्थानीय प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें।