बर्न: स्विट्जरलैंड के वैलैस कैंटन स्थित सुंदर और शांत गांव ब्लाटेन एक भीषण प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गया। यहां बर्च ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया, जिससे गांव पर बर्फ, कीचड़ और विशाल चट्टानों का सैलाब टूट पड़ा। इस भयानक भूस्खलन में गांव का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा मलबे में दब गया।
ताजा सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ग्लेशियर टूटने के बाद पूरी घाटी धूल और मलबे से भर गई। भारी चट्टानों और कीचड़ की बाढ़ ने पहाड़ी ढलानों को भी अपने साथ बहा लिया। ब्लाटेन की गलियां अब मलबे से ढकी पड़ी हैं।
गौरतलब है कि मई की शुरुआत में ही वैज्ञानिक चेतावनी के बाद गांव के करीब 300 निवासियों को पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया था, जिससे जनहानि नहीं हुई। लेकिन, इस आपदा से लोंजा नदी का प्रवाह भी रुक गया है, जिससे नदी के किनारे एक कृत्रिम झील बन गई है और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
वैलैस के सुरक्षा प्रमुख स्टीफन गैंजर ने इसे एक अभूतपूर्व त्रासदी बताया। गांव के निवासी वर्नर बेलवाल्ड, जिनका 1654 में बना पुश्तैनी घर भी मलबे में दब गया, ने कहा, “अब वहां कुछ नहीं बचा।”
वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी इस त्रासदी की मुख्य वजह हैं, जिससे पर्माफ्रॉस्ट पिघल रही है और चट्टानें अस्थिर हो रही हैं। अनुमान है कि करीब 90 लाख मीट्रिक टन मलबा गांव पर गिरा है। गांव को दोबारा बसने में सालों लग सकते हैं।
