गिरिडीह। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) धनबाद की टीम ने गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल स्थित डीसीएलआर कार्यालय में पदस्थापित लिपिक मनीष भारती को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लिपिक मनीष भारती पर इलाही मियां नामक व्यक्ति से जमीन के म्यूटेशन वाद को निपटाने के एवज में ₹10,000 रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित इलाही मियां ने इस मामले की जानकारी धनबाद एसीबी को दी थी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और शुक्रवार को डीसीएलआर कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जैसे ही मनीष भारती ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के घर की भी तलाशी ली है, जिसमें कुछ दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद लिपिक मनीष भारती को पूछताछ के लिए धनबाद ले जाया गया है। एसीबी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार की किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
