लाहौर:पाकिस्तान की जमीन पर भारत विरोधी साजिशें एक बार फिर उजागर हो गईं हैं। पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर सैफुल्लाह कसूरी बुधवार को लाहौर में आयोजित एक रैली में भारत के खिलाफ खुलकर जहर उगलता नजर आया। इस रैली में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई, लश्कर कमांडर और पाकिस्तानी सुरक्षा बल भी मौजूद थे। कसूरी ने दावा किया कि वह “हिन्दुस्तान के दिल में कांटे की तरह” मौजूद है और पहलगाम हमले के बाद उसकी लोकप्रियता बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कसूरी ने चुनौती देते हुए कहा, “मोदी सोचते हैं हम गोलियों से डरते हैं? ये उनकी भूल है।” पीएम मोदी ने भुज में रैली के दौरान पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि भारत आतंकवाद का करारा जवाब देगा।
कसूरी ने मंच पर लश्कर प्रमुख हाफिज सईद के बेटे और अमेरिका द्वारा घोषित आतंकी तल्हा सईद के साथ मंच साझा किया। वहां मौजूद पंजाब विधानसभा के स्पीकर मलिक अहमद खान भी इस मंच का हिस्सा थे। इस मौके पर तल्हा सईद ने पाकिस्तान के “बनयान अल-मर्सूस” ऑपरेशन की तारीफ करते हुए भारत के खिलाफ जिहाद की बात कही।
कसूरी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने 1971 के युद्ध का बदला अब ले लिया है। उसने आगामी भारतीय चुनावों का जिक्र करते हुए अपने समर्थकों से मोदी के खिलाफ समर्थन मांगा और खुद को संभावित चुनौती के रूप में पेश किया।
