नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की तबीयत खाड़ी देशों की यात्रा के दौरान अचानक बिगड़ गई। उन्हें कुवैत के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।
यह जानकारी भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को दी। वे उन सात सदस्यों वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं, जिसे भारत सरकार ने खाड़ी और अन्य देशों में भारत की रणनीति और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ रुख को सामने रखने के लिए भेजा है। पांडा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “श्री गुलाम नबी आजाद की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे अब चिकित्सकीय देखरेख में हैं और उनकी हालत स्थिर है।”
आजाद ने भी सोशल मीडिया पर अपनी तबीयत को लेकर बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कुवैत की भीषण गर्मी की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन अब वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “सभी मेडिकल जांच सामान्य हैं। मैं सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करता हूं। आपकी दुआएं मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं।”
गुलाम नबी आजाद की तबीयत बिगड़ने का असर उनके प्रतिनिधिमंडल की आगामी यात्राओं पर भी पड़ा है। अब वे सऊदी अरब और अल्जीरिया में होने वाली बैठकों में शामिल नहीं हो पाएंगे, जहां प्रतिनिधिमंडल राजनीतिक नेताओं, अधिकारियों और भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करेगा।
हालांकि आजाद अब कांग्रेस में नहीं हैं, फिर भी कांग्रेस पार्टी ने उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
गौरतलब है कि गुलाम नबी आजाद ने 2022 में कांग्रेस छोड़कर डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी बनाई थी और वे अब स्वतंत्र राजनीतिक मंच से देशहित में कार्य कर रहे हैं।
