कैनबरा:ऑस्ट्रेलिया की सीनेटर फातिमा पेमैन ने संसद में एक पुरुष सहकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया है कि एक अवसर पर उस पुरुष सहकर्मी ने उनसे शराब पीने और टेबल पर डांस करने का अनचाहा प्रस्ताव दिया था। पेमैन ने स्पष्ट किया कि वह शराब नहीं पीतीं और इस तरह की टिप्पणियों को पूरी तरह अस्वीकार्य मानती हैं।
सीनेटर ने बताया कि यह टिप्पणी तब की गई जब वह सहकर्मी कई ड्रिंक्स ले चुका था। उसने कहा, “चलो, तुम्हें थोड़ी शराब पिलाते हैं और फिर टेबल पर डांस करते हैं।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पेमैन ने कहा कि उन्होंने सहकर्मी को उसी समय टोकते हुए बताया कि हर चीज की एक सीमा होती है और यह पूरी तरह से अनुचित है।
इस घटना की शिकायत उन्होंने संसद की संबंधित समिति में दर्ज कराई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना कब हुई और वह सहकर्मी कौन था जिसने यह टिप्पणी की।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब ऑस्ट्रेलियाई संसद में पहले भी इस तरह के व्यवहार को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2021 में पूर्व पॉलिटिकल स्टाफर ब्रिटिनी हिगिन्स ने आरोप लगाया था कि उनके साथ एक सहकर्मी ने संसद भवन के अंदर यौन शोषण किया था। उस घटना के बाद संसद में कामकाज के माहौल और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।
समीक्षाओं में यह भी सामने आया था कि ऑस्ट्रेलियाई संसद में शराब का अत्यधिक सेवन, अनुचित टिप्पणी और यौन उत्पीड़न जैसी घटनाएं आम हैं। फातिमा पेमैन की शिकायत से एक बार फिर संसदीय आचरण पर बहस छिड़ गई है।
