पलामू (झारखंड): आम जिंदगी के एक छोटे से पड़ाव पर रुकना पलामू के एक ज्वेलर्स दुकानदार को भारी पड़ गया। पांकी थाना क्षेत्र के सगालीम बाजार में ज्वेलर्स कारोबारी संतोष सोनी फल खरीदने के लिए जैसे ही अपनी बाइक से रुके, उनकी जरा सी लापरवाही ने लाखों की क्षति पहुँचा दी। सोने-चांदी के जेवर और नकद से भरा झोला बाइक में टांगा हुआ था, जिसे मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार अपराधी ले उड़े।
जानकारी के अनुसार, संतोष सोनी महामाया ज्वेलर्स के मालिक हैं। शुक्रवार की रात वे रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में सगालीम बाजार में रुककर फल लेने लगे। उनकी बाइक पर झोला टंगा हुआ था, जिसमें करीब 10 लाख रुपये के आभूषण, ₹1.20 लाख नकद, दुकान की चाभी और मोबाइल फोन रखा था। उनका भतीजा भी पास में ही मौजूद था।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और झोले को उठाकर चंपत हो गए। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाते, वे आंखों से ओझल हो चुके थे। संतोष सोनी ने तुरंत पीछा किया और मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करने पर रजवाडीह के पास की सड़क तक का पता चला, लेकिन फिर सिग्नल बंद हो गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद झाड़ियों से सिर्फ मोबाइल बरामद हो पाया। अन्य कीमती सामानों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शनिवार को संतोष सोनी ने पांकी थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।
