रांची। रांची पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में दो सक्रिय चेन स्नैचर और दो जेवर दुकानदार शामिल हैं, जो चोरी के सोने को गलाने में संलिप्त थे।
गिरफ्तार बदमाशों में मो. अयाज अहमद उर्फ रजत और मो. शाहिद शामिल हैं, जबकि जेवर कारोबारियों में प्रेम कुमार वर्मा (मोती ज्वेलर्स) और राजकुमार (प्रेम ज्वेलर्स) का नाम सामने आया है। पुलिस ने इनके पास से गलाया हुआ 16 ग्राम सोना, 8 ग्राम की दो सोने की चेन, दो स्मार्टफोन, ₹5800 नगद, एक स्कूटी, एक टी-शर्ट और दो कैप बरामद किए हैं।
एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 मई को कोकर के साधु मैदान के पास संदिग्ध रूप से खड़ी एक स्कूटी पर दो लड़कों को देखकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक आरोपी भाग निकला, जबकि अयाज अहमद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अयाज ने बताया कि वह पूर्व में भी कई बार चेन छिनतई की वारदातों में शामिल रहा है और जेल जा चुका है। उसने यह भी बताया कि छिनतई के बाद वह चेन को मो. शाहिद को सौंपता था, जो उसे थड़पखना के मोती ज्वेलर्स और प्रेम ज्वेलर्स में गलवाता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दोनों दुकानदारों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
