रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा के अंतरिक्ष इंजीनियरिंग और रॉकेट्री विभाग की ओर से शुक्रवार को रॉकेट टेक्नोलॉजी पर दो दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम में देशभर से वैज्ञानिक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और छात्र शामिल हुए।
कार्यशाला का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) के अध्यक्ष और एलएंडटी डिफेंस के पूर्णकालिक निदेशक जेडी पाटिल ने किया। पद्मश्री डॉ बीएन सुरेश, इसरो के मानद विशिष्ट प्रोफेसर और आईआईएसटी के चांसलर, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो इंद्रनील मन्ना ने स्वागत भाषण में संस्थान की क्षमताओं पर प्रकाश डाला और बताया कि अंतरिक्ष और रॉकेट तकनीक में बीआईटी मेसरा की भूमिका उल्लेखनीय है। विभागाध्यक्ष प्रो सुदीप दास और डॉ प्रियांक कुमार ने कार्यशाला की थीम, उद्देश्यों और स्वदेशी अनुसंधान के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यशाला में देश के कई विश्वविद्यालयों से आए शोधार्थियों और छात्रों ने भाग लिया। पहले दिन एन जयन (एलपीएससी) और एमपीआर शर्मा (डीआरडीएल) ने रॉकेट प्रणोदन तकनीक पर व्याख्यान दिया। डॉ संजय मित्तल (आईआईटी कानपुर) ने एयरोडायनामिक्स और सीएफडी मॉडलिंग पर विस्तार से चर्चा की।
इसके अलावा, डॉ एस पंडियन (एसडीएससी और वीएसएससी) ने हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी की संभावनाओं और चुनौतियों को प्रस्तुत किया। बीआईटी मेसरा के डॉ राजीव कुमार, डॉ सुदीप दास और डॉ प्रियांक कुमार ने संस्थान की चल रही परियोजनाओं पर जानकारी दी।
