जमशेदपुरःझारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल से दिल्ली अपोलो अस्पताल के लिए एयर एंबुलेंस से भेजा गया है।जहां उनका बेहतर इलाज होगा।
बाथरूम में फिसलने से गिरे, ब्रेन में ब्लड क्लॉट, अपोलो रेफर
यह घटना शनिवार सुबह की है, जब रामदास सोरेन घोड़ाबांधा स्थित अपने सरकारी आवास में स्नान करने गए थे। वहां बाथरूम में अचानक फिसलने से उनका सिर दीवार से टकराया, जिससे उन्हें गहरी चोट आई। परिजनों ने तुरंत उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि उनके मस्तिष्क में ब्लड क्लॉट बन गया है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फौरन उच्चस्तरीय इलाज के निर्देश दिए। मंत्री को एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। अस्पताल से सोनारी एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें दिल्ली रवाना कर दिया गया।

रामदास सोरेन का पूर्व में किडनी का इलाज हुआ है। वो लगातार दिल्ली जाकर अपना चेकअप करवाते रहे हैं। इधर कुछ दिन पहले भी वो दिल्ली अपना स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए थे।
रामदास सोरेन झामुमो के बड़े नेताओं में से एक हैं। वर्तमान में घाटशिला से विधायक हैं। चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने पर हेमंत सोरेन ने अपने पिछले मंत्रिमंडल में उन्हें कोल्हान के बड़े नेता के रूप में प्रोजेक्ट करते हुए मंत्री बनाया था। 2024 के चुनावी नतीजों के बाद उन्हें दोबारा मंत्री बनाया गया।