नई दिल्ली। 26 जून 2025 को भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में इतिहास रच दिया। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर सफलतापूर्वक पहुंचे। 28 घंटे की यात्रा के बाद शुभांशु ने ISS क्रू से गले मिलकर उन्हें धन्यवाद दिया। शुभांशु शुक्ला ISS पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। यह भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक महत्वपूर्ण पल था। 41 साल पहले 1984 में राकेश शर्मा की ऐतिहासिक उड़ान के बाद यह भारत की अंतरिक्ष यात्रा में नया अध्याय है। यह उपलब्धि सिर्फ विज्ञान की नहीं, बल्कि हर एक भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। बता दें कि Axiom Space के मिशन-4 के तहत लॉन्च हुआ SpaceX का ड्रैगन यान Grace शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर ISS पहुंचा। यह यान फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से 25 जून को लॉन्च हुआ और अगले दिन 26 जून को 4:00 बजे के करीब ISS पर हार्मनी मॉड्यूल से डॉक हुआ।
वैज्ञानिक शोध के साथ स्वदेशी स्वाद दिखेगा अंतरिक्ष में
शुभांशु अपने साथ गाजर का हलवा, मूंग दाल हलवा और आम का रस लेकर गए हैं] ये सिर्फ भोजन नहीं, बल्कि उनकी धरती से जुड़ी भावनाओं और संस्कृति का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वह अभी एक नवजात बच्चे की तरह अंतरिक्ष में चलना, खाना और रहना सीख रहे हैं। बता दें कि ISS पर रहते हुए शुभांशु अंतरिक्ष में भोजन और पोषण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रयोग करेंगे। ISRO और जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) के सहयोग से यह रिसर्च किया जाएगा, जिसमें माइक्रोग्रैविटी और विकिरण का प्रभाव खाने योग्य शैवाल (microalgae) पर जांचा जाएगा। यह अध्ययन लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। भारत ने सिर्फ अंतरिक्ष को छुआ नहीं, अब वहां जीवन की संभावना को भी नया आकार देने की ओर कदम बढ़ा दिया है।
