नई दिल्ली/अहमदाबाद। गुजरात में भयावह विमान हादसे में 200 से अधिक लोगों की जान चली गई। अहमदाबाद एयरपोर्ट से एयर इंडिया का विमान गुरुवार को लंदन के लिए उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही सरकारी बीजे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर छात्रावास से टकरा गया। हादसे के दौरान विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और क्रू सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे। अहमदाबाद के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कनन देसाई ने बताया कि हादसे में 200 से अधिक लोगों के मारे जाने की पुष्ट हुई है।
दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। एयरलाइन ने इसके लिए हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया है कि “अहमदाबाद से दोपहर 1:38 बजे रवाना हुई इस उड़ान संख्या AI-171 बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।” एयरलाइन ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए एक समर्पित यात्री हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 स्थापित किया है। एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया घटना की जांच कर रहे अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है।
एयर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, “बहुत दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का साथ देने पर है। हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे। एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है।”
प्लेन में विजय रूपाणी के अलावा कई बिजनेस टायकून भी सवार थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस हादसे को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और गृह मंत्री अमित शाह से बात की और तुरंत अहमदाबाद जाकर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।