प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब दरिया पर बने रेलवे के नायाब, अद्भुत और बेमिसाल चिनाब पुल को राष्ट्र को समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने चिनाब रेल ब्रिज का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अंजी पुल का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने कटरा रेलवे स्टेशन से कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। कटरा रेलवे स्टेशन से कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन में सवार स्कूली बच्चों से बातचीत की।

चिनाब नदी से 359 मीटर ऊपर बना यह एफिल टावर और कुतुब मीनार से भी ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। 1,315 मीटर लंबा यह ब्रिज भूकंप और तेज हवाओं को झेलने के लिए बनाया गया है।
इसी रेल मार्ग पर अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल–स्टेड रेल ब्रिज है। 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना में 36 सुरंगें (119 किलोमीटर तक फैली हुई) और 943 पुल शामिल हैं। इसका निर्माण लगभग 43,780 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

इससे पहले पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ यूएसबीआरएल (उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक) परियोजना पर एक प्रदर्शनी देखी। उन्होंने परियोजना पर काम करने वाले लोगों के साथ भी बातचीत की।प्रधानमंत्री मोदी ने कंथन चेनाब हॉल्ट पर परियोजना टीम और श्रमिकों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने इस परियोजना की प्रगति की जानकारी ली।