किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों के साथ जारी मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं।
सेना की 2 पैरा एसएफ, सेना की 11आरआर, 7वीं असम राइफल्स और एसओजी किश्तवाड़ के जवानों ने सिंहपोरा चटरू गांव के शारी और मंड्राल ढोक इलाके के बीच तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद सुबह मुठभेड़ शुरू हुई। जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध स्थल के पास पहुंचे, तो मौके पर छिपे हुए आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में अब तक दो आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक अभियान जारी था।
इससे पहले 16 मई को कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक वीके बिरदी ने कहा था कि जम्मू और कश्मीर में केलार, शोपियां और त्राल में दो अलग-अलग अभियानों के तहत छह आतंकवादियों को मार गिराया गया। यह अभियान जम्मू और कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर भारतीय सेना द्वारा चलाया गया था।
सीमावर्ती गांवों में डोर-टू-डोर मानवीय राहत अभियान
चुनौतीपूर्ण इलाके और आगे की शत्रुता के लगातार खतरे के बावजूद, सैनिक नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब स्थित दूरदराज के इलाकों में पहुंचे।स्थानीय नागरिक प्रशासन के समन्वय में चलाए गए राहत अभियान में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच और मनोवैज्ञानिक सहायता भी शामिल थी। सेना की चिकित्सा टीमों ने घायलों और कमजोर लोगों की समय पर देखभाल सुनिश्चित की उन्हें उपचार और आराम दोनों प्रदान किए।हर घर में वर्दीधारी सैनिकों ने व्यक्तिगत रूप से जाकर न केवल आपूर्ति की, बल्कि उन्हें आश्वासन और सहानुभूति भी दी। उनकी मौजूदगी ने तनाव में जी रहे समुदायों में सुरक्षा और एकजुटता की भावना पैदा की।यह पहल जम्मू – कश्मीर के संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता करने के लिए सेना के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। निरंतर सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित परिवारों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
