नई दिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने आज अपना 101वां मिशन लॉन्च किया। दो चरणों तक सफलता से प्रदर्शन करने के बाद तीसरे चरण में इसमें कुछ खामियां आई जिससे यह मिशन पूरा नहीं हो पाया। इसरो ने रविवार को EOS-09 सेटेलाइट लॉन्च किया।
इसराे के चीफ वी नारायणन ने पुष्टि की कि रविवार को प्रक्षेपित किए गए ईओएस-09 सेटेलाइट का प्रक्षेपण पूरा नहीं हो सका और वैज्ञानिक पूरे प्रदर्शन का आगे अध्ययन कर रहे हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वी नारायणन ने कहा कि प्रक्षेपण के बाद पहले दो चरणों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया और तीसरे चरण में समस्या का पता चला।
वी नारायणन ने कहा कि आज हमने PSLV-C61 व्हीकल के लॉन्चिग का प्रयास किया। यह 4-चरणीय व्हीकल है। पहले दो चरणों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया। तीसरे चरण के दौरान, हम अवलोकन देख रहे हैं। मिशन पूरा नहीं हो सका। हम पूरे प्रदर्शन का अध्ययन कर रहे हैं; हम जल्द से जल्द वापस आएंगे।
इसरो ने भी इसके बारे में एक्स पर पोस्ट किया कि “आज, 101वां प्रक्षेपण का प्रयास किया गया; पीएसएलवी-सी61 का प्रदर्शन दूसरे चरण तक सामान्य था। तीसरे चरण में अवलोकन के कारण, मिशन पूरा नहीं हो सका।”
क्या हुआ मिशन के दौरान?
पीएसएलवी-सी61 रॉकेट को आंध्र प्रदेश के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया गया था। यह पीएसएलवी रॉकेट का 63वां और एक्सएल कॉन्फिगरेशन में 27वां मिशन था। शुरूआती दो चरणों में सब कुछ सामान्य था। लेकिन जब तीसरे चरण ने काम करना शुरू किया, तभी एक तकनीकी समस्या सामने आई।
क्या था ईओएस-09 सैटेलाइट?
जानकारी के मुताबिक, ईओएस-09 से वास्तविक समय में मिलने वाली सटीक जानकारी कृषि, वानिकी निगरानी, आपदा प्रबंधन, शहरी नियोजन और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होती। इस मिशन का उद्देश्य देश भर में विस्तारित तात्कालिक समय पर होने वाली घटनाओं की जानकारी जुटाने की आवश्यकता को पूरा करना था। इसरो के मुताबिक, करीब 1,696.24 किलोग्राम वजन वाला पृथ्वी अवलोकन उपग्रह-09 वर्ष 2022 में प्रक्षेपित ईओएस-04 जैसा ही है। ईओएस-09 की मिशन अवधि पांच वर्ष थी। वहीं उपग्रह को उसकी प्रभावी मिशन अवधि के बाद कक्षा से बाहर निकालने के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन आरक्षित किया गया था, ताकि इसे दो वर्षों के भीतर कक्षा में नीचे उतारा जा सके, जिससे मलबा-मुक्त मिशन सुनिश्चित रहे।
