पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र के बावनगोड़ा में एक हादसे में 45 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान वीरेन महतो के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरेन महतो तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान ही वह गहराई में चला गया और डूबने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक पानी में उसका कोई अता-पता नहीं चला। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया । देर शाम में वीरेन का शव तालाब से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया । घटना के समय जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और पूरे मामले की निगरानी की। वीरेन महतो की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
