चतरा: सिमरिया प्रखंड के जबड़ा पंचायत क्षेत्र में जिला प्रशासन की तत्परता और सक्रिय हस्तक्षेप से दो नाबालिग बच्चियों को “बालिका वधू” बनने से रोका गया। चाइल्ड हेल्पलाइन नम्बर 1098 पर एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। जिसमें बताया गया था कि जबड़ा पंचायत क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों का विवाह उनके परिजनों की ओर से कराया जा रहा है।
सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड लाइन टीम ने तत्परता दिखाते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी चतरा को इसकी जानकारी दी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने तत्काल अपनी टीम को मौके पर भेजा। जांच में यह पुष्टि हुई कि दोनों बच्चियां नाबालिग हैं और उनका विवाह उसी रात सात मई को तय है। विवाह की सभी तैयारियां पूर्ण थी और बारात आने वाली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त चतरा को सूचना दी।
उप विकास आयुक्त के निर्देशानुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी सिमरिया चंद्रदेव प्रसाद, अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय, पंचायत सचिव सुधीर सिंह, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा साहू, चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य रितेश कुमार, जिला परियोजना सहायक चंदन कुमार एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों बाल विवाहों को रोकने में सफलता प्राप्त की।
साथ ही लड़का पक्ष की भी जांच की जा रही है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक लड़का चतरा जिला के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत तथा दूसरा लातेहार जिला के बालूमाथ प्रखंड का निवासी है। दोनों ही प्रखंड विकास पदाधिकारी को सूचित कर दिया गया है।
प्रशासन की सक्रियता से समय रहते दोनों नाबालिग बच्चियों को “बालिका वधू” बनने से सफलतापूर्वक रोका गया। इसके पश्चात दोनों बच्चियों को बाल कल्याण समिति ( सीडब्लूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए आज भेजा गया। चतरा उपायुक्त रमेश घोलप ने कहा कि चतरा जिला प्रशासन बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सतत रूप से प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि कहीं भी किसी नाबालिग लड़की या लड़के के विवाह की जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
