PATNA:बुधवार को बिहार की राजधानी पटना समेत 300 जिलों में हवाई हमलों से बचने का अभ्यास किया जाएगा। बिहार के पटना, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और बेगूसराय जिले में मॉक ड्रिल होगा। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध जैसे हालात में भारत की नागरिक तैयारियों का परीक्षण करना है। केंद्र,राज्य और जिला अधिकारियों के बीच समन्वय में सुधार करना भी है।
मॉक ड्रिल के दौरान क्या- क्या होगा?
● हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन गूंजेंगे। लोगों को सुरक्षित स्थान जैसे बंकर या मजबूत इमारतों में जाने का अभ्यास कराया जाएगा
● प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों में विशेष सत्र आयोजित होंगे
भारत-पाक युद्ध में टारगेट पर था किशनगंज
वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय किशनगंज पाकिस्तानी फौज के टारगेट पर रहता था। दरअसल पूर्व दिशा में किशनगंज शहर से महज 30 किमी दूर पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) में पाकिस्तानी फौज को यह मालूम हो गया था कि पूर्वी पाकिस्तान के नेता शेख मुजीबुर्रहमान की मुक्तिवाहिनी के गुरिल्लाओं को किशनगंज में शरण व आर्थिक मदद मिलती है।
इसलिए पाकिस्तानी फौज ने किशनगंज में मुक्तिवाहिनी के लड़ाकों को टारगेट करने और किशनगंज में दहशत फैलाने सहित भारत सरकार को सबक सिखाने की मंशा से एक ही दिन सीरियल बम विस्फोट कराए थे। बांग्ला संस्कृति के मुस्लिमों के इस क्षेत्र पूर्वी पाकिस्तान में शेख़ मुजीबुर्रहमान रहमान की अगुवाई में मुक्ति वाहिनी के बैनर तले पाकिस्तानी हुकूमत और पाकिस्तानी सेना के आतंक के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध छिड़ गया था।
तब भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मुक्ति वाहिनी के समर्थन में भारतीय सेना को उतार दिया था। और, भारत के आर्मी जनरल मानेक शॉ की सेना ने अपना जौहर दिखाते हुए पाकिस्तानी फौज के करीब एक लाख सिपाहियों को बंदी बना लिया था। इसके बाद ही पूर्वी पाकिस्तान का यह इलाका बांग्लादेश नामक एक नया मुल्क बना।
